
12 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | भुंतर, कुल्लू

भुंतर। प्रदेश सरकार के खिलाफ भाजपा के विरोध-प्रदर्शन के दौरान शनिवार को भुंतर में माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और गुत्थमगुत्थी की स्थिति बन गई। पुलिस प्रदर्शन को नियंत्रित करने और स्थिति को संभालने का प्रयास करती रही।
पार्वती भाजपा मंडल की ओर से प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रदेश सरकार का पुतला फूंका।
पुतला फूंकने और प्रदर्शन को नियंत्रित करने के दौरान पुलिस तथा भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार पर जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर गंभीर नहीं होने के आरोप लगाए। भाजपा नेताओं ने कहा कि सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली के खिलाफ पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनता की आवाज को दबाने का प्रयास किया गया तो पार्टी सड़क से लेकर सदन तक अपना संघर्ष और तेज करेगी।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई गहमागहमी से कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण बना रहा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शन को संभाला।





