
3 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

राष्ट्रीय बीच ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में क्रीसैंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल टुटू के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक अपने नाम किए हैं। उत्तराखंड के हरिद्वार में 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में हर्षित ठाकुर ने स्वर्ण, अनिकेत ने रजत और दीक्षित ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय और हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देश के 18 राज्यों से लगभग 350 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। क्रीसैंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल टुटू के पांच खिलाड़ियों ने हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में हर्षित ठाकुर ने अपने भार वर्ग में शानदार मुकाबले करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, अनिकेत ने रजत और दीक्षित ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के कुल 26 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रदेश के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर ओवरऑल तीसरा स्थान हासिल किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय में खुशी का माहौल है। स्कूल प्रबंधन ने पदक विजेता खिलाड़ियों सहित प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी। प्रबंधन ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है कि उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन किया है। साथ ही खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य और आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन की कामना की।





