रोहड़ू में 4 लाख रुपये के चेक बाउंस मामले में उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार

4 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | रोहड़ू

शिमला पुलिस की उद्घोषित अपराधी सेल (पीओ सेल), उपमंडल रोहड़ू ने चेक बाउंस के मामले में उद्घोषित अपराधी यशपाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट (एनआई एक्ट) की धारा 138 के तहत मामला दर्ज है। यह मामला 4 लाख रुपये की विवादित राशि से जुड़ा है।

पुलिस के अनुसार, मामला न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (जेएमएफसी), कोर्ट नंबर-2, रोहड़ू में केस नंबर 276/2021 के तहत विचाराधीन है। मामले में आरोपी यशपाल को न्यायालय की ओर से उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। इसके बाद शिमला पुलिस की पीओ सेल उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

पीओ सेल ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

शिमला पुलिस की ओर से उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि न्यायालय के आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित करने और कानून से बच रहे आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के दायरे में लाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share the news