लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने दबोचा, अदालत ने किया था उद्घोषित अपराधी घोषित

खबर अभी अभी
शिमला, 3 जुलाई:
शिमला पुलिस ने उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए पांच साल पुराने आपराधिक मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2021 में पुलिस थाना ननखड़ी में दर्ज मामले में आरोपी भगत राम (46), निवासी तहसील ननखड़ी, जिला शिमला पर घर में अनाधिकृत प्रवेश, मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने तथा संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप हैं। न्यायालय में लगातार अनुपस्थित रहने के कारण माननीय एसीजेएम रामपुर ने 17 फरवरी 2026 को उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। शुक्रवार को पुलिस थाना रामपुर और पीओ सेल, पुलिस उपमंडल रामपुर की संयुक्त टीम ने आरोपी को जाहू डीम क्षेत्र से विधि अनुसार गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को माननीय एसीजेएम रामपुर की अदालत में पेश किया जा रहा है। शिमला पुलिस ने कहा कि न्यायालय की प्रक्रिया से बचने वाले उद्घोषित अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share the news