
सोलन | 13 अगस्त 2026
खबर अभी अभी

लायंस क्लब सोलन वैली की ओर से हरी ओम गौशाला, कोटला बरोग में चौथा पौधारोपण अभियान एवं गौ सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पर्यावरण संरक्षण, हरियाली को बढ़ावा देने और पशु सेवा के उद्देश्य से किया गया। यह अभियान पहले 7 अगस्त को भारी बारिश के कारण स्थगित कर दिया गया था।
अभियान के दौरान साई इंटरनेशनल स्कूल, सोलन के विद्यार्थियों एवं स्टाफ तथा लायंस क्लब सोलन वैली के सदस्यों ने मिलकर कुल 45 पौधे लगाए। विद्यार्थियों को पौधारोपण के महत्व और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया गया।
पौधारोपण के साथ की गौ सेवा
कार्यक्रम के दौरान गौशाला में गौ सेवा भी की गई। विद्यार्थियों और क्लब सदस्यों ने गायों को गुड़, चोकर, पशु आहार, केले तथा अन्य खाद्य सामग्री खिलाई। इसके अलावा गौशाला की आवश्यकताओं और पशु सेवा के लिए प्रबंधन को नकद सहयोग राशि भी प्रदान की गई।
लायंस क्लब सोलन वैली के अध्यक्ष MJF लायन रामिंदर बावा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति करुणा समाज सेवा के महत्वपूर्ण अंग हैं। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और क्लब सदस्यों की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में सेवा भावना, संवेदनशीलता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी विकसित होती है।
क्लब के सचिव लायन डॉ. आर.के. सूद ने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों, विद्यार्थियों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्लब भविष्य में भी समाज, पर्यावरण और पशु कल्याण से जुड़े सेवा कार्य जारी रखेगा।
कोषाध्यक्ष लायन शक्ति अवस्थी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी सदस्यों के सहयोग और योगदान की सराहना की।
वहीं, क्लब के PRO लायन विनीत राय सूद ने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए 45 पौधे आने वाले समय में हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण का संदेश देंगे। उन्होंने कहा कि पौधारोपण और गौ सेवा जैसे कार्यक्रम समाज में सेवा भावना, पर्यावरण संरक्षण तथा जीवों के प्रति करुणा को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम हैं।
लायंस क्लब सोलन वैली ने हरी ओम गौशाला, कोटला बरोग के प्रबंधन, साई इंटरनेशनल स्कूल सोलन के विद्यार्थियों एवं स्टाफ तथा क्लब के सभी सदस्यों का कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।






