
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
21 अगस्त 2023

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को राजधानी शिमला के समरहिल और कृष्णानगर वार्ड का दौरा कर आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान नड्डा ने आपदा प्रभावितों से भी बात की। लोगों ने हादसे की जांच की मांग उठाई। दोपहर 12:20 बजे समरहिल के शिव बावड़ी क्षेत्र में हुए नुकसान का जायजा लेने के बाद नड्डा ने आपदा प्रभावितों से बात की। साथ ही रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली।
स्थानीय निवासी संजीव भूषण और रूपन ने इस त्रासदी की जांच की मांग उठा दी। कहा कि इलाके में बादल फटा या फिर केंद्रीय संस्थान के रेन हार्वेस्टिंग टैंक से यह नुकसान हुआ, इसकी जांच होनी चाहिए। लोगों ने मंदिर के पुनर्निर्माण, प्रभावित परिवारों को मदद देने और पहाड़ों को भूस्खलन से बचाने के लिए मदद की मांग की। इसके बाद नड्डा कृष्णानगर के लालपानी पहुंचे और यहां वार्ड से भाजपा पार्षद बिट्टू पाना से आपदा को लेकर जानकारी ली। मौके पर मौजूद पूर्व शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि पार्षद की तत्परता के चलते ज्यादातर मकान खाली हो चुके थे।
पार्षद, महिलाओं ने रखी मुआवजे की मांग
पार्षद ने नड्डा को भूस्खलन के कारण असुरक्षित मकान भी दिखाए। कहा कि इन मकानों में रह रहे लोग भी बेघर हो गए हैं। इन्हें दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है। पार्षद और लोगों ने मुआवजा देने की भी मांग रखी। कहा कि प्रशासन ने सिर्फ ढाई से तीन हजार रुपये का मुआवजा दिया है। नड्डा ने मौके पर मौजूद महिलाओं से भी बात की।
एक महिला सुशीला देवी ने कहा कि उनके पास अब घर है न जमीन। सरकार खाने का प्रबंध तो कर रही है लेकिन वह अब कहां रहेंगे, इसका कोई पता नहीं। मांग की कि केंद्र सरकार मदद दे। अन्य लोगों ने भी मदद की मांग की। नड्डा ने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार हरसंभव मदद देगी। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल भी मौजूद रहे।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





