
17 अगस्त 2026 | खबर अभी-अभी
कुल्लू

कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ‘वंदे मातरम्’ को लेकर सामने आए विवाद के विरोध में सोमवार को जिला भाजपा कुल्लू ने प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले पर अपना विरोध दर्ज करवाया और कांग्रेस नेतृत्व से पूरे घटनाक्रम पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
प्रदर्शन में पूर्व मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता गोविंद सिंह ठाकुर, पूर्व भाजपा प्रत्याशी नरोत्तम ठाकुर, प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी दानविंदर सिंह ठाकुर, भाजपा नेता भीमसेन सहित जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
अटल सदन से ढालपुर चौक तक निकाला मार्च
भाजपा कार्यकर्ताओं ने अटल सदन से विरोध मार्च शुरू किया, जो ढालपुर चौक तक पहुंचा। हाथों में भाजपा के झंडे और तिरंगा लेकर कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की और ‘वंदे मातरम्’ को लेकर सामने आए कथित विवाद पर रोष जताया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ देश के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रभावना से गहराई से जुड़ा राष्ट्रीय गीत है। उन्होंने कहा कि इसके सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का कथित खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता।
भाजपा ने कांग्रेस नेतृत्व से मांगा जवाब
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय में ‘वंदे मातरम्’ को लेकर जो घटनाक्रम सामने आया, उससे देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कांग्रेस और कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री सोनिया गांधी से पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर सहित अन्य भाजपा नेताओं ने कहा कि राष्ट्र और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान से जुड़े मामलों में सभी राजनीतिक दलों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय भावना से जुड़े विषयों को राजनीतिक विवाद का रूप देने के बजाय इनके सम्मान को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ उनके लिए केवल एक गीत नहीं, बल्कि देश की आजादी की लड़ाई और करोड़ों भारतीयों की राष्ट्रभक्ति की भावना से जुड़ा प्रतीक है। इसी भावना के साथ पार्टी ने कुल्लू में प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज करवाया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी राष्ट्रभावना और राष्ट्रीय सम्मान से जुड़े मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने संबंधित घटनाक्रम पर कांग्रेस नेतृत्व से स्पष्ट जवाब देने की मांग दोहराई।





