शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने 90 लाख रुपये से निर्मित गेओटा संपर्क मार्ग का किया लोकार्पण

21 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | रोहड़ू

रोहड़ू। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बुधवार को जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत धराड़ा के गेओटा गांव के लिए लगभग 90 लाख रुपये की लागत से निर्मित संपर्क मार्ग का लोकार्पण किया। करीब दो किलोमीटर लंबे इस मार्ग से स्थानीय लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही कृषि और बागवानी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करती हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल में जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में 203 सड़कों को स्वीकृति दी गई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत 29 और अन्य योजनाओं के अंतर्गत 17 सड़कों को मंजूरी मिली है। इस प्रकार कुल 46 सड़कों को स्वीकृति प्रदान की गई है। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर बनाने के साथ पहले से निर्मित सड़कों को भी चरणबद्ध तरीके से पक्का किया जाए।

सीमित संसाधनों के बावजूद विकास कार्य जारी

रोहित ठाकुर ने कहा कि सीमित वित्तीय संसाधनों के बावजूद प्रदेश सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) बंद होने, ऋण सीमा में कटौती, जीएसटी मुआवजे से जुड़ी चुनौतियों और प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान का उल्लेख करते हुए कहा कि इन परिस्थितियों के बावजूद जनहित की परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।

शिक्षा के क्षेत्र में सुधार का दावा

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और शिक्षण संस्थानों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण (एनएएस) में हिमाचल प्रदेश 21वें स्थान से तीसरे स्थान पर पहुंचा है, जबकि परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स में प्रदेश ने 18वें स्थान से पांचवां स्थान हासिल किया है। उन्होंने प्रदेश में शत-प्रतिशत साक्षरता दर को भी शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयासों का परिणाम बताया।

इस दौरान उन्होंने गेओटा-खलाई संपर्क सड़क की मांग पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। वहीं, स्थानीय पशु चिकित्सालय भवन के निर्माण संबंधी मांग पर आगामी बजट में प्रस्ताव शामिल करवाने के लिए प्रयास करने की बात कही।

शरौंथा स्कूल भवन का अप्रैल 2027 तक निर्माण पूरा करने के निर्देश

शिक्षा मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शरौंथा के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। लगभग 3 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस भवन का करीब 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण में गुणवत्ता मानकों का ध्यान रखने और भवन का काम अप्रैल 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए शिक्षण संस्थानों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं विकसित करना जरूरी है।

7.33 करोड़ की सड़क का किया निरीक्षण

रोहित ठाकुर ने विधायक प्राथमिकता के अंतर्गत निर्माणाधीन शरौंथा-कराली-कांगर-कलगौंटीर संपर्क सड़क का भी निरीक्षण किया। करीब 6.2 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण लगभग 7 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और ग्रामीण विकास को गति मिलेगी।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र सिंह मेहता, बीडीसी अध्यक्ष रोहड़ू ज्ञानपति, उपमंडलाधिकारी (नागरिक) धर्मेश रामौत्रा, स्थानीय पंचायत प्रधान दलीप मुखिया सहित पार्टी पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share the news