
6/8/2026
शिमला
खबर अभी अभी
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने अनुशासनहीनता के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए शिमला जिला पुलिस के तीन कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इनमें एक सब-इंस्पेक्टर (SI) पर सोशल मीडिया पर राजनीतिक पोस्ट साझा करने का आरोप है, जबकि दो अन्य पुलिस कर्मियों पर ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में पाए जाने के आरोप लगे हैं।
पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, तीनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने तक तीनों कर्मचारियों को निलंबित रखा जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि सब-इंस्पेक्टर पर सेवा नियमों के विपरीत राजनीतिक पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर करने का आरोप है। वहीं, दो अन्य पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ ड्यूटी के दौरान शराब के सेवन की शिकायत मिलने के बाद प्रारंभिक जांच की गई, जिसके आधार पर उन्हें भी निलंबित कर दिया गया।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि अनुशासन और आचरण संबंधी नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग का कहना है कि पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी कर्मचारी के खिलाफ शिकायत मिलने पर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल तीनों मामलों की विभागीय जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद दोष सिद्ध होने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी.






