
खबर अभी अभी,
शिमला: जिला शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सुन्नी क्षेत्र में 915 ग्राम अफीम के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 10 और 11 जून की मध्यरात्रि को स्पेशल सेल की टीम छोटा शिमला, ढली, मशोबरा, बसंतपुर, सुन्नी, कधरघाट और जलोग क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर एक संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई।

वाहन में सवार व्यक्तियों की पहचान दिनेश ठाकुर (45) निवासी ठियोग और धर्मेंद्र हिमराल (33) निवासी सुन्नी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान वाहन के डैशबोर्ड से करीब 915 ग्राम अफीम बरामद की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी बरामद मादक पदार्थ से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद पुलिस थाना सुन्नी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 और 29 के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि अफीम कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। साथ ही नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।





