सम्मान दिवस पर कुल्लू में संत समाज का प्रदर्शन, गौ माता को “राष्ट्र माता” घोषित करने की मांग

कुल्लू : जिले में गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत संत समाज और सनातन समाज, भारतीय गौ क्रांति मंच द्वारा गौ सम्मान दिवस के अवसर पर भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। इस दौरान गौ माता को “राष्ट्र माता” घोषित करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई
।संत समाज ने उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर गौ माता को राष्ट्रीय सम्मान देने, उनके संरक्षण के लिए ठोस नीति बनाने और गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की।
संत समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह अभियान राष्ट्र और भारतीय संस्कृति के हित में संविधान के दायरे में रहकर अहिंसक तरीके से चलाया जा रहा है। उनका मुख्य उद्देश्य गौ माता को उचित संरक्षण, अनुदान और सम्मान दिलाना है, साथ ही उन्हें “राष्ट्र माता” का दर्जा देने की मांग की गई है।

जिला गौ रक्षा अभियान के संयोजक डिने राम ने गौ हत्या को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसे पूरी तरह बंद करने की मांग की। उन्होंने उपायुक्त, मनाली एसडीएम और नगर परिषद कुल्लू को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की।
संत समाज ने कहा कि यदि तीन माह के भीतर केंद्र और राज्य सरकारों से संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो राष्ट्र स्तर पर आंदोलन को तेज किया जाएगा। इसके तहत दिल्ली में शांतिपूर्ण संकीर्तन, पत्र लेखन अभियान और चरणबद्ध तरीके से आमरण अनशन शुरू किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि 16 अगस्त से संत और भक्त क्रमिक आमरण अनशन पर बैठेंगे, जो तब तक जारी रहेगा जब तक गौ सेवा, सुरक्षा और सम्मान को लेकर उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं।
कुल मिलाकर, गौ सम्मान दिवस के मौके पर कुल्लू में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए संत समाज ने गौ संरक्षण को लेकर अपनी मांगों को मुखर रूप से उठाते हुए बड़े आंदोलन का संकेत दिया है।
कुल्लू ब्यूरो रिपोर्ट सुशांत शार्मा…

Share the news