सिराज उत्सव लवी मेला 2 से 4 नवंबर तक, 20 अक्टूबर से होंगे वॉइस ऑफ आउटर सिराज ऑडिशनसिराज

5 अक्तूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | आनी

देवभूमि आनी का प्रसिद्ध सिराज उत्सव लवी मेला इस वर्ष 2 से 4 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। मेले की तैयारियों को लेकर सोमवार को मेला कमेटी की बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता मेला कमेटी अध्यक्ष युपेंद्र कांत मिश्रा ने की। बैठक में देवी-देवताओं के आगमन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं और विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई।

मेला कमेटी अध्यक्ष युपेंद्र कांत मिश्रा ने बताया कि सिराज उत्सव का मुख्य आकर्षण क्षेत्र के देवी-देवताओं का आगमन रहता है। इस बार मेले में क्षेत्र के विभिन्न देवी-देवताओं को आमंत्रित किया गया है। मेला देवता शमशरी महादेव के सानिध्य में आयोजित होगा। इसके अलावा देवता पनेवी नाग, कुलक्षेत्र महादेव, व्यास ऋषि, शगागी नाग, जोगेश्वर महादेव, बीनणी महादेव सहित अन्य देवी-देवताओं को भी आमंत्रित किया गया है।

देवता शमशरी महादेव के कारदार ने कहा कि सिराज उत्सव में सभी देवी-देवताओं का स्वागत है। देव समाज की परंपराओं और नीतियों के अनुसार मेले का आयोजन भव्य रूप से किया जाएगा।

20 अक्टूबर से शुरू होंगे ऑडिशन

बैठक में बताया गया कि वॉइस ऑफ आउटर सिराज के ऑडिशन 20 अक्टूबर से शुरू होंगे। इच्छुक प्रतिभागी ऑडिशन में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। वहीं मिस आउटर सिराज प्रतियोगिता में क्षेत्र के साथ-साथ प्रदेशभर की युवतियां भाग ले सकेंगी।

मेले को सफल बनाने के लिए विभिन्न उपसमितियों का गठन भी किया गया। प्लाट आवंटन कमेटी में महेंद्र ठाकुर, नरोत्तम ठाकुर, ओम प्रकाश, पूर्ण कौशल और दयाल को जिम्मेदारी दी गई है। स्टेज कमेटी में देवेंद्र ठाकुर, विकी और रामकृष्ण को शामिल किया गया।

मुख्य अतिथियों के स्वागत, खान-पान व्यवस्था और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संचालन की जिम्मेदारी रमेश ठाकुर, नवनीत, संजीव आर्यन सहित अन्य सदस्यों को सौंपी गई है।

बीडीसी चेयरमैन सतपाल ठाकुर ने कहा कि पंचायत समिति और क्षेत्र की जनता सिराज उत्सव को बेहतर ढंग से आयोजित करने के लिए मेला कमेटी को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।

मेला कमेटी की अगली बैठक 15 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी।

बैठक में देवता शमशरी महादेव के कारदार एवं प्रधान किशोरी लाल ठाकुर, देवता कुलक्षेत्र महादेव के कारदार प्रेम शर्मा, कारदार मालदेव, व्यास ऋषि के कारदार इंद्र सिंह ठाकुर, कारदार रमेश वर्मा, मेला कमेटी अध्यक्ष युपेंद्र कांत मिश्रा, महासचिव शिवराज शर्मा, सचिव महेंद्र ठाकुर, कोषाध्यक्ष सत्यपाल ठाकुर, बीडीसी चेयरमैन सतपाल ठाकुर सहित मेला कमेटी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Share the news