सैर पर्व पर 17 सितंबर को मंडी जिला में रहेगा स्थानीय अवकाश

16 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | मंडी

मंडी। सैर पर्व के उपलक्ष्य में 17 सितंबर 2026, वीरवार को मंडी जिला में स्थानीय अवकाश रहेगा। इस संबंध में उपायुक्त अपूर्व देवगन की ओर से आदेश जारी किए गए हैं।

उपायुक्त ने जिला वासियों को सैर पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की है। उन्होंने कहा कि मंडी जिला लंबे समय से अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं को सहेजे हुए है। यहां के पारंपरिक उत्सव और त्योहार आज भी लोगों को अपनी संस्कृति से जोड़ने का काम कर रहे हैं।

सैर पर्व की पूर्व संध्या पर बाजार में रौनक

सैर पर्व की पूर्व संध्या पर मंडी बाजार में खूब रौनक देखने को मिली। दिनभर लोग सैर पूजा में इस्तेमाल होने वाले पेठू और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी करते नजर आए। बाजार में अखरोट की भी खूब बिक्री हुई।

बरसात के मौसम के बाद ऋतु परिवर्तन के रूप में सैर पर्व सदियों से मंडी जनपद में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस दिन घरों में सैर पूजन किया जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चे अखरोट खेलते हैं, जबकि परिजन और रिश्तेदार एक-दूसरे को दूर्बा और अखरोट भेंट कर अच्छे स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की कामना करते हैं।

पर्व के दौरान घरों में तैयार किए गए पारंपरिक विशेष व्यंजनों का भी लोग आनंद लेते हैं। सैर पर्व के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में मक्की और धान की फसल के साथ घास कटाई का कार्य भी शुरू होने लगता है।

Share the news