हिमाचल में पेट्रोल-डीजल महंगा, 60 पैसे से अधिक बढ़े दाम; ऊना में पेट्रोल ₹101.26 और डीजल ₹93.35 प्रति लीटर

12/8/2026
उना
खबर अभी अभी

हिमाचल प्रदेश में मंगलवार मध्यरात्रि से पेट्रोल और हाई स्पीड डीजल के दाम बढ़ गए हैं। राज्य सरकार ने पेट्रोल और डीजल की पहली बिक्री (Point of First Sale) पर 60 पैसे प्रति लीटर अनाथ एवं विधवा सेस लगाने की अधिसूचना जारी की है। इसके बाद प्रदेश में दोनों ईंधनों की खुदरा कीमतों में 60 पैसे से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

राज्य कर एवं आबकारी विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक यह सेस हिमाचल प्रदेश मूल्य वर्धित कर (वैट) अधिनियम, 2005 की धारा 6-ए के तहत लगाया गया है। सरकार का कहना है कि सेस से जुटाई जाने वाली राशि का इस्तेमाल अनाथ बच्चों और विधवाओं के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं को मजबूत करने में किया जाएगा।

ऊना में पेट्रोल 71 पैसे और डीजल 69 पैसे महंगा

सेस लागू होने के बाद जिला ऊना में पेट्रोल की कीमत 100.55 रुपये से बढ़कर 101.26 रुपये प्रति लीटर हो गई है। यानी पेट्रोल के दाम में 71 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है।

वहीं, डीजल की कीमत 92.66 रुपये से बढ़कर 93.35 रुपये प्रति लीटर हो गई है। डीजल के दाम में 69 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि दर्ज की गई है।

हाल ही में कैबिनेट ने दी थी मंजूरी

अनाथों और विधवाओं के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं के लिए अतिरिक्त वित्तीय संसाधन जुटाने के उद्देश्य से प्रदेश मंत्रिमंडल ने हाल ही में इस सेस को मंजूरी दी थी। इसके बाद राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने अधिसूचना जारी कर इसे लागू कर दिया।

सरकार का तर्क है कि इस अतिरिक्त राजस्व से जरूरतमंद वर्ग के लिए चलाई जा रही योजनाओं को और प्रभावी बनाया जा सकेगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार 60 पैसे प्रति लीटर का न्यूनतम सेस लगाया गया है।

सरकार का यह भी कहना है कि नई वृद्धि के बावजूद हिमाचल प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें पड़ोसी राज्यों की तुलना में प्रतिस्पर्धी रहेंगी। हालांकि, ईंधन पर अतिरिक्त सेस लगाए जाने को लेकर आने वाले दिनों में राजनीतिक बहस तेज होने के आसार हैं।

Share the news