अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में पहली बार सजा साहित्य का मंच, 45 कवियों ने रचनाओं से बांधा समां

रामपुर। अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 में इस वर्ष पहली बार साहित्य सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में करीब 45 कवियों ने अपनी मौलिक रचनाओं और कविताओं के माध्यम से हिमाचल की समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक परंपराओं और सामाजिक सरोकारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

सम्मेलन की अध्यक्षता उपायुक्त एवं अंतरराष्ट्रीय लवी मेला समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने की। इस दौरान उन्होंने सम्मेलन में भाग लेने वाले सभी कवियों को हिमाचली टोपी और मफलर भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर अनुपम कश्यप ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का इतिहास सैकड़ों वर्ष पुराना है। हमें कल्पना करनी चाहिए कि पुराने समय में सड़क, संचार और यातायात के आधुनिक साधन उपलब्ध नहीं होने के बावजूद दूर-दराज के क्षेत्रों से व्यापारी किस तरह यहां पहुंचते होंगे। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को मेले के गौरवशाली इतिहास और इससे जुड़ी परंपराओं की जानकारी होना जरूरी है, ताकि सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके।

पुरानी व्यापारिक परंपराओं को प्रदर्शनी के माध्यम से किया जीवंत

उपायुक्त ने बताया कि स्थानीय लोगों के सहयोग से मेले में इस वर्ष विशेष प्रदर्शनी लगाई गई है, जिसमें उन वस्तुओं को प्रदर्शित किया गया है, जिनका पुराने समय में लवी मेले के दौरान व्यापार होता था। उन्होंने लोगों से प्रदर्शनी का अवलोकन करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि स्कूली बच्चों के लिए मेले के इतिहास और समय के साथ इसमें आए बदलावों पर आधारित भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इससे बच्चों को अपने घर के बुजुर्गों से मेले की पुरानी परंपराओं और इतिहास के बारे में जानने का अवसर मिला।

कविताओं में लवी का इतिहास और नशे के खिलाफ संदेश

साहित्य सम्मेलन में करीब 45 कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। कविताओं में लवी मेले का ऐतिहासिक महत्व, सांस्कृतिक विरासत और बदलते समय के साथ मेले में आए बदलावों को प्रमुखता से उठाया गया।

वहीं, चिट्टे जैसे नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित कविताओं के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया गया।

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि साहित्य समाज की संस्कृति, परंपराओं और विचारों को संजोने का सशक्त माध्यम है। भविष्य में भी साहित्यिक गतिविधियों और सम्मेलनों को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि साहित्यकारों को अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने के लिए बेहतर मंच मिल सके।

अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में पहली बार साहित्य सम्मेलन आयोजित होने पर कवियों ने खुशी जताई और मेला समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप तथा भाषा एवं संस्कृति विभाग का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पंकज शर्मा, एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष कर्ण शर्मा, हिमालय मंच के अध्यक्ष एस.आर. हरनोट, जिला भाषा अधिकारी सरोजना नरवाल, जगदीश बाली सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Share the news