अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कुल्लू पुलिस की कार्रवाई, पतलीकुहल व मनाली में दो मामले दर्ज

17 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

कुल्लू। अवैध शराब और नशे की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला कुल्लू पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना पतलीकुहल और मनाली में आबकारी अधिनियम के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।

पहले मामले में 16 सितंबर 2026 को पुलिस थाना पतलीकुहल की टीम ने डोभी स्थित पुराने पुल के समीप नाकाबंदी की। इस दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति की तलाशी ली, जिसके कब्जे से 12 बोतल देसी शराब मार्का संतरा बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी 40 वर्षीय व्यक्ति, निवासी गांव वशकोला, डाकघर कटराईं के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

वहीं, दूसरे मामले में 17 सितंबर 2026 को पुलिस थाना मनाली की टीम ने धुंधी पुल के समीप नाकाबंदी के दौरान एक वाहन को संदेह के आधार पर जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान वाहन से 144 बोतल रॉयल स्टैग और 180 बोतल टुबोर्ग बीयर बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार, शराब और बीयर को बिना वैध दस्तावेजों के ले जाया जा रहा था। इस मामले में 42 वर्षीय वाहन चालक, निवासी जिला लाहौल-स्पीति के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दोनों मामलों में पुलिस बरामद शराब की खेप के स्रोत और गंतव्य के साथ-साथ अवैध तस्करी में संलिप्त अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

जिला कुल्लू पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share the news