
शिमला। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए पीटरहॉफ और प्रदेश की अन्य संपत्तियों को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को इतिहास बताने के बजाय प्रदेश की जनता को सच बताना चाहिए कि आखिर प्रदेश की संपत्तियों को क्यों बेचा जा रहा है और सरकारी संसाधनों को अपने मित्रों के हितों के लिए क्यों दांव पर लगाया जा रहा है।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि पीटरहॉफ को पीपीपी मॉडल के नाम पर निजी हाथों में सौंपने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि 26 नवंबर के बाद की बुकिंग बंद कर दी गई हैं और पहले से हुई बुकिंग भी रद्द की जा रही हैं। उन्होंने सरकार से इस संबंध में आधिकारिक दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि 29 जनवरी 2026 को जारी पत्र में 12 जून 2026 के बाद बुकिंग नहीं करने के निर्देश दिए गए थे, जिन्हें बाद में आगे बढ़ाया गया। ऐसे में मुख्यमंत्री को इस मामले में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
‘आग से इमारतें जलती हैं, इतिहास नहीं’
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पीटरहॉफ हिमाचल प्रदेश की ऐतिहासिक पहचान से जुड़ी इमारत है। मुख्यमंत्री को याद रखना चाहिए कि आग लगने से इमारतें जल सकती हैं, लेकिन इतिहास और पहचान नहीं मिटती। उन्होंने कहा कि पीटरहॉफ पहले भी आग लगने के बाद दोबारा बनाया गया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद से ही मुख्यमंत्री की नजर हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के होटलों पर रही है। विपक्ष के विरोध के बाद सरकार कुछ समय के लिए पीछे हटी, लेकिन अब फिर से इसी दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने वाइल्ड फ्लावर हॉल की लीज का मामला उठाते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए।
औद्योगिक पैकेज पर भी मुख्यमंत्री को घेरा
कस्टमाइज्ड इंडस्ट्रियल पैकेज को लेकर मुख्यमंत्री की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में करीब 2,000 संस्थान बंद हो चुके हैं। यदि औद्योगिक पैकेज में किसी तरह की अनियमितता हुई है तो सरकार इसकी जांच करवाकर कार्रवाई कर सकती है।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास के बिना कोई भी प्रदेश आर्थिक तरक्की नहीं कर सकता। हिमाचल में पहले दिए गए औद्योगिक पैकेज के कारण बद्दी, बरोटीवाला और नालागढ़ जैसे औद्योगिक क्षेत्र विकसित हुए और प्रदेश फार्मा हब के रूप में उभरा। इससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी पैदा हुए।
मेडिकल डिवाइस और बल्क ड्रग पार्क को लेकर भी आरोप
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मेडिकल डिवाइस पार्क के प्लॉट अपने मित्रों और करीबियों को देने में रुचि दिखा रहे हैं, जबकि बल्क ड्रग पार्क के काम में बाधाएं पैदा की जा रही हैं। उन्होंने स्वावलंबन योजना को लेकर भी सरकार की आलोचना की।
उन्होंने कहा कि हिमाचल को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाना है तो औद्योगिक विकास को गति देनी होगी और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने होंगे।
नेता प्रतिपक्ष ने सरकार से प्रदेश की संपत्तियों, औद्योगिक नीतियों और पीटरहॉफ के भविष्य को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।






