
भारतीय जनता पार्टी की ओर से एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के मुद्दे पर कांग्रेस के खिलाफ रविवार को शिमला में विशाल महापदयात्रा और जनसभा आयोजित की जाएगी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।
डॉ. सिकंदर कुमार ने बताया कि महापदयात्रा सुबह 10 बजे गुरुद्वारा साहिब, पुराना बस स्टैंड की पार्किंग से शुरू होगी। यात्रा विक्ट्री टनल और विधानसभा मार्ग से होते हुए चौड़ा मैदान पहुंचेगी, जहां विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं और जनसमूह को संबोधित करेंगे।
8 से 10 हजार कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप और राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। प्रदेशभर से करीब 8 से 10 हजार कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है।
एसआईआर पर कांग्रेस को घेरने की तैयारी
डॉ. सिकंदर कुमार ने आरोप लगाया कि कांग्रेस एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाने और राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस महापदयात्रा के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े तथ्यों को जनता के सामने रखेगी और कांग्रेस के आरोपों का राजनीतिक एवं तथ्यात्मक जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है। भाजपा निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया के पक्ष में है और एसआईआर को लेकर अपना पक्ष जनता के सामने रखेगी।
डॉ. सिकंदर कुमार ने कांग्रेस के राजनीतिक अभियानों के पीछे कथित विदेशी प्रभाव और वित्तपोषण को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास इस संबंध में ठोस प्रमाण हैं तो उन्हें संबंधित संस्थाओं के समक्ष प्रस्तुत किया जाना चाहिए।
कार्यकर्ताओं से समय पर पहुंचने का आह्वान
उन्होंने बताया कि महापदयात्रा और जनसभा को सफल बनाने के लिए प्रदेश, जिला, मंडल और मोर्चा स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। कार्यकर्ताओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए अनुशासन, यातायात और कार्यक्रम के सुचारु संचालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
डॉ. सिकंदर कुमार ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से रविवार सुबह निर्धारित समय पर पहुंचकर महापदयात्रा एवं जनसभा में भाग लेने का आह्वान किया।






