
8 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | मनाली

‘युवा संगम-7’ कार्यक्रम के तहत ओडिशा के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से हिमाचल प्रदेश पहुंचे 59 छात्र-छात्राओं ने मनाली के माल रोड पर हिमाचल की संस्कृति और स्थानीय जीवन को करीब से जाना। ये विद्यार्थी ओडिशा के 32 जिलों से आए हैं और 1 से 10 अक्टूबर तक हिमाचल के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं।
मनाली के माल रोड पर प्रदेश के तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण तथा नगर एवं ग्राम योजना मंत्री राजेश धर्माणी ने ओडिशा से आए विद्यार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने छात्रों से हिमाचल की संस्कृति, पर्यटन स्थलों और स्थानीय परंपराओं को लेकर बातचीत की तथा उनके अनुभव भी जाने।
मंत्री ने विद्यार्थियों को मनाली की स्थानीय संस्कृति और खान-पान से परिचित करवाया। इस दौरान उन्होंने छात्रों के साथ माल रोड पर मोमो का आनंद भी लिया। विद्यार्थियों ने हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता, आतिथ्य और स्थानीय संस्कृति की सराहना की।
इस अवसर पर मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ भी मौजूद रहे।
‘युवा संगम’ भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की पहल है, जिसके माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों के युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं, शिक्षा, पर्यटन और जीवनशैली को समझने का अवसर मिलता है।





