
मंडी जनपद के आराध्य देव कमरूनाग मंदिर में शीश नवाकर चमन राही ने आगामी जिला परिषद चुनावों के लिए अपनी दावेदारी पेश करते हुए अपील पत्र जारी किया। इस दौरान उनकी बेटी, पीएचडी स्कॉलर दिव्या राही भी उनके साथ मौजूद रहीं।
चमन राही, जो पहले जिला परिषद सदस्य, ब्लॉक समिति सदस्य और पंचायत प्रधान के रूप में कार्य कर चुके हैं, ने खिलड़ा-21 उपमंडल सुंदरनगर से चुनाव लड़ने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास की भारी कमी है, खासकर सड़कों की हालत बेहद खराब है। चैलचौक, जालपा, शाला, जाच्छ और जहल से कमरूनाग तक बनी सड़कें अब तक पक्की नहीं हो पाई हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है।
राही ने मांग उठाई कि क्षेत्र को विशेष आर्थिक पैकेज दिया जाए और विकास कार्यों को तेज किया जाए। साथ ही उन्होंने पंडोह बाखली की तर्ज पर कमरूनाग के लिए रोपवे बनाने की भी पैरवी की, ताकि हर साल आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।
उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में अभी केवल 300 लोगों के ठहरने की व्यवस्था है, जो पर्याप्त नहीं है। इसके अलावा सौर ऊर्जा लाइट्स और अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी आवश्यकता है।
चमन राही ने युवाओं को नशे से दूर रखने की अपील करते हुए देव कमरूनाग से प्रार्थना भी की। उन्होंने कहा कि खिलड़ा-21 क्षेत्र की कई पंचायतों और गांवों के लोगों के आग्रह पर वे चुनाव मैदान में उतर रहे हैं और क्षेत्र के विकास के लिए संघर्ष करेंगे।
उन्होंने अपने पिछले कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने जनहित में कई कार्य किए हैं और आगे भी केंद्र व राज्य सरकार के साथ समन्वय बनाकर क्षेत्र की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।





