किन्नौर के जंगलों में आग से करोड़ों की प्राकृतिक संपदा खतरे में, SDM नेहा नेगी की जनता से विशेष अपील

खबर अभी अभी | रिकांगपिओ, 26 नवंबर

किन्नौर जिले में हर साल पतझड़ के मौसम में जंगलों और रिहायशी क्षेत्रों में आग लगने की घटनाएं सामने आती हैं। इनसे करोड़ों रुपये की प्राकृतिक संपदा को नुकसान पहुंचता है। इस वर्ष भी निचार उपमंडल के अंतर्गत उपतहसील टापरी की जनकपुरी, चगांव और उरनी पंचायतों के जंगलों में 23 नवंबर से भीषण आग लगी हुई है। आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

इस स्थिति को देखते हुए कार्यवाहक एसडीएम निचार नेहा नेगी ने आम जनता से जंगलों को आग से बचाने की विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि जंगलों की सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

भेड़पालकों और जंगलों में जाने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील

नेहा नेगी ने विशेष रूप से भेड़पालकों और जंगलों में आने-जाने वाले लोगों से आग्रह किया कि वे एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाते समय यदि कहीं आग जलाते हैं, तो आगे बढ़ने से पहले उसे पूरी तरह बुझाना सुनिश्चित करें।

उन्होंने बीड़ी और सिगरेट पीने वाले लोगों से भी अपील की कि लंबे समय से बारिश न होने के कारण पहाड़ और जंगल पूरी तरह सूखे हुए हैं। ऐसे में छोटी-सी चिंगारी भी बड़े वन क्षेत्र को आग की चपेट में ले सकती है। इसलिए जंगलों में जलती बीड़ी, सिगरेट या अन्य ज्वलनशील सामग्री बिल्कुल न फेंकें।

आग बुझाने में जुटे विभिन्न विभाग और स्थानीय लोग

एसडीएम ने बताया कि 23 नवंबर से आग बुझाने के प्रयासों में ITBP, सेना, JSW के कर्मचारी, वन विभाग और तीनों पंचायतों के स्थानीय लोग मिलकर लगातार सहयोग कर रहे हैं।

उन्होंने विभिन्न कंपनियों की ट्रांसमिशन लाइनों का संचालन करने वाले विभागों और कंपनियों से भी अपील की कि वे अपनी लाइनों की नियमित जांच करें। किसी भी तकनीकी खराबी या चिंगारी पैदा होने की आशंका को नजरअंदाज न करें।

नेहा नेगी ने कहा कि जंगलों में आग लगने से केवल पेड़-पौधों और प्राकृतिक संपदा को ही नुकसान नहीं पहुंचता, बल्कि वन्यजीवों का जीवन भी संकट में पड़ जाता है। यह नुकसान अंततः पूरे समाज का नुकसान है।

उन्होंने आम जनता से जंगलों, वन्यजीवों और प्राकृतिक धरोहर को बचाने के लिए सतर्क रहने तथा अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

Share the news