राजकीय महाविद्यालय आनी में हर्षोल्लास के साथ मनाया संविधान दिवस, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

खबर अभी अभी | आनी, 26 नवंबर

राजकीय महाविद्यालय आनी (हरिपुर) में 26 नवंबर को संविधान दिवस बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की राजनीति विज्ञान सोसायटी और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर एसडीएम आनी लक्ष्मण सिंह कनेट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दायक राम ठाकुर ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाकर किया। इसके बाद मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया। प्राचार्य ने अपने संबोधन में संविधान के मूल्यों, आदर्शों और लोकतांत्रिक सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को संवैधानिक अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहने का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि एसडीएम लक्ष्मण सिंह कनेट ने संविधान की महत्ता पर विचार व्यक्त किए और विद्यार्थियों को संविधान में निहित मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

वाद-विवाद प्रतियोगिता रही मुख्य आकर्षण

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए भाषण, प्रश्नोत्तरी, पोस्टर मेकिंग और नारा लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। समारोह का मुख्य आकर्षण वाद-विवाद प्रतियोगिता रही, जिसका विषय ‘सोशल मीडिया लोकतंत्र का साधन है या खतरा’ था। इसमें विद्यार्थियों ने पक्ष और विपक्ष में अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में डॉ. निर्मल सिंह और प्रो. वर्षा वर्मा ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई।

प्रतियोगिताओं के परिणाम
– प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता: प्रथम स्थान हिमेश, रोहित और अरुण की टीम ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान मीनाक्षी, रानिका और चांदनी की टीम को मिला।
– भाषण प्रतियोगिता: प्रथम स्थान रानिका और द्वितीय स्थान अरुण ने हासिल किया।
– पोस्टर मेकिंग: प्रथम स्थान अर्पिता शर्मा और द्वितीय स्थान कृतिका वर्मा ने प्राप्त किया।
– नारा लेखन: प्रथम स्थान तनिका और द्वितीय स्थान रविंद्र ने हासिल किया।
– वाद-विवाद प्रतियोगिता: अरुण कुमार को सर्वश्रेष्ठ वक्ता और अंशुल गोस्वामी को सर्वश्रेष्ठ अभिनय के लिए चुना गया।
इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में प्रो. नरेंद्र पॉल, डॉ. महेश्वर सिंह ठाकुर, डॉ. संगीता नेगी, प्रो. विजय, प्रो. राधिका और प्रो. पुष्पा गुलेरिया सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी उपस्थित रहे।

अंत में राजनीति विज्ञान विभाग की अध्यक्ष प्रो. पम्पी घामटा ने मुख्य अतिथि, प्राचार्य, शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों, निर्णायक मंडल और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस तरह संविधान दिवस समारोह विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना और लोकतांत्रिक भावना विकसित करने के संदेश के साथ संपन्न हुआ।

Share the news