संविधान के अधिकारों को जन-जन तक पहुंचाएगी दलित पिछड़ा अल्पसंख्यक परिषद, आयोग के सहयोग से लगेंगे जागरूकता शिविर

खबर अभी अभी | मंडी

भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय दलित पिछड़ा अल्पसंख्यक परिषद ने हिमाचल प्रदेश में संवैधानिक अधिकारों को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की पहल की है। परिषद हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सहयोग से प्रदेश के विभिन्न जिलों में जागरूकता शिविर आयोजित करेगी। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को संविधान में दिए गए अधिकारों, अनुसूचित जाति वर्ग के संरक्षण, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।

परिषद के राज्य प्रवक्ता चमन राही ने बताया कि अभियान को लेकर राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार के साथ बैठक की गई है। बैठक में आयोग के अन्य सदस्यों के साथ भी चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जल्द ही मंडी में बड़े स्तर पर जागरूकता शिविर आयोजित किया जाएगा।

चमन राही ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है। संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव आंबेडकर की भूमिका ऐतिहासिक रही है। 29 अगस्त 1947 को गठित संविधान प्रारूप समिति के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने विशेष रूप से वंचित, दलित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों को सुरक्षित करने की दिशा में अहम भूमिका निभाई।

संविधान की मूल भावना की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी

चमन राही ने बताया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में हर वर्ष संविधान दिवस मनाया जाता है। संविधान सभा की पहली बैठक 9 दिसंबर 1946 को हुई थी और संविधान तैयार करने में 2 वर्ष, 11 महीने और 18 दिन लगे। 26 जनवरी 1950 को संविधान देशभर में लागू हुआ।

उन्होंने केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि संविधान के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ स्वीकार नहीं की जा सकती। संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है और इसकी मूल भावना को सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। डॉ. आंबेडकर का सपना ऐसा समाज स्थापित करना था, जहां किसी के साथ जाति या सामाजिक स्थिति के आधार पर भेदभाव न हो।

शिविरों में सरकारी योजनाओं और आर्थिक सहायता की मिलेगी जानकारी

चमन राही ने बताया कि जागरूकता शिविरों में अनुसूचित जाति वर्ग के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। इनमें स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के तहत मकान निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपये तक की सहायता, कौशल विकास प्रशिक्षण, ब्यूटीशियन और कंप्यूटर प्रशिक्षण, स्वरोजगार के लिए ऋण एवं अनुदान तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत पीड़ितों को मिलने वाली आर्थिक सहायता शामिल है।

इसके अतिरिक्त हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम की ओर से डेयरी फार्मिंग, कृषि उपकरण, लघु सिंचाई, रेडीमेड गारमेंट्स और शू मेकिंग जैसे व्यवसायों के लिए उपलब्ध योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

आयोग के सहयोग से प्रदेशभर में चलेगा अभियान

उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने 20 अगस्त 2024 को छह सदस्यीय राज्य अनुसूचित जाति आयोग की स्थापना की थी। आयोग की अध्यक्षता पूर्व कैबिनेट मंत्री कुलदीप कुमार कर रहे हैं। आयोग में अधिवक्ता दिग्विजय मल्होत्रा, विजय डोगरा और शालिनी गैर-सरकारी सदस्य हैं।

चमन राही ने कहा कि परिषद का प्रयास रहेगा कि आयोग और प्रशासन के सहयोग से प्रदेश के लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाए। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में अपने अधिकारों और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

Share the news