जवाहर नवोदय विद्यालय रिकांगपिओ में छात्र से मारपीट का मामला, हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

खबर अभी अभी | रिकांगपिओ, 26 नवंबर

किन्नौर जिला मुख्यालय रिकांगपिओ स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में एक छात्र के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विद्यालय की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। वीडियो में कुछ छात्र एक अन्य छात्र के साथ मारपीट करते और अभद्र भाषा का प्रयोग करते दिखाई दे रहे हैं। मामला सामने आने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।

भारत सरकार द्वारा संचालित इस विद्यालय के छात्रावास में 400 से अधिक विद्यार्थी रहते हैं। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि छात्रावास परिसर में इस तरह की घटना कैसे हुई और घटना के समय ड्यूटी पर तैनात वार्डन तथा विद्यालय प्रबंधन की निगरानी व्यवस्था की क्या भूमिका रही।

स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा विद्यालय प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि पहले भी इस तरह की शिकायतें सामने आई थीं, तो उन पर क्या कार्रवाई की गई? लोगों ने पुरानी शिकायतों की भी जांच करने, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

कुछ लोगों ने छात्रावास में मोबाइल फोन रखने की अनुमति नहीं होने के बावजूद वीडियो बनाए जाने पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि विद्यालय प्रशासन की कथित लापरवाही का खामियाजा पढ़ाई कर रहे 400 से अधिक विद्यार्थियों को नहीं भुगतना चाहिए। स्थानीय लोग मामले को लेकर केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्री को शिकायत पत्र भेजने की तैयारी कर रहे हैं।

प्रिंसिपल बोले, वीडियो पुराना; छात्रों पर पहले ही हुई कार्रवाई

विद्यालय के प्रिंसिपल गौरव सिंह रावत ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो पुराना है और संबंधित छात्रों के खिलाफ पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि छात्रों को परीक्षा से वंचित नहीं किया गया है और पीड़ित छात्र के परिवार के साथ समझौता हुआ है। विद्यालय प्रबंधन भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसके लिए प्रयास कर रहा है।

CWC, पुलिस और शिक्षा विभाग ने किया औचक निरीक्षण

मामले की गंभीरता को देखते हुए बाल कल्याण समिति (CWC) के सदस्यों ने पुलिस विभाग और शिक्षा उप-निदेशक कुलदीप डोगरा के साथ बीती रात विद्यालय परिसर का औचक निरीक्षण किया। टीम ने विद्यालय प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित छात्रों, पीड़ित छात्र तथा उसके अभिभावकों से मुलाकात कर घटनाक्रम की जानकारी ली।

CWC अध्यक्ष प्रताप नेगी ने बताया कि समिति के सभी सदस्यों ने विद्यालय का दौरा कर प्रबंधन के साथ बैठक की। बैठक में भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। समिति की ओर से पीड़ित छात्र और उसके माता-पिता की काउंसलिंग भी की गई।

उन्होंने बताया कि पुलिस स्तर पर मामले की गहन जांच चल रही है और समिति लगातार पुलिस के संपर्क में है। पुलिस की जांच रिपोर्ट तथा समिति की काउंसलिंग और जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नाबालिगों का वीडियो साझा न करने की अपील

CWC अध्यक्ष प्रताप नेगी ने आम नागरिकों से अपील की कि घटना को राजनीतिक रंग न दिया जाए। उन्होंने कहा कि यह बच्चों के आपसी मतभेद से जुड़ा मामला है और इसमें किसी राजनीतिक दल का हस्तक्षेप नहीं है।

उन्होंने सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर वीडियो साझा करने वालों से इसे तुरंत हटाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाबालिग चाहे पीड़ित हो या आरोपी, उसकी पहचान उजागर करना और उससे संबंधित फोटो या वीडियो प्रसारित करना कानूनन दंडनीय हो सकता है। इसलिए बच्चों की पहचान और निजता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।

उपायुक्त के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने सौंपी प्राथमिक रिपोर्ट

शिक्षा उप-निदेशक कुलदीप डोगरा ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय के चेयरमैन एवं उपायुक्त किन्नौर के निर्देशानुसार मामले की प्राथमिक जांच करने को कहा गया था। उन्होंने बताया कि टीम ने रात को विद्यालय का दौरा किया और वापस लौटकर उपायुक्त को प्राथमिक जांच रिपोर्ट सौंप दी है।

फिलहाल मामले में पुलिस और बाल कल्याण समिति की जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना के लिए कौन जिम्मेदार है और विद्यालय व छात्रावास प्रबंधन की भूमिका क्या रही।

Share the news