
पी.एम.श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रिकांगपिओ में बुधवार को कटिना स्किल्स प्राइवेट लिमिटेड के तत्वावधान में जिला स्तरीय हैकाथॉन प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों की कुल 11 टीमों ने भाग लेकर अपनी रचनात्मक सोच और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने समाज की समस्याओं के समाधान पर आधारित कार्यशील मॉडल प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में मेजबान पी.एम.श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रिकांगपिओ की टीम ने अपने उत्कृष्ट और नवाचारी मॉडल के दम पर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, पी.एम.श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय निचार की टीम दूसरे स्थान पर रही।
कार्यक्रम में उप निदेशक उच्च शिक्षा कुलदीप नेगी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों का बारीकी से निरीक्षण किया और उनके प्रयासों की सराहना की।
कुलदीप नेगी ने कहा कि हैकाथॉन जैसे आयोजन विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक अनुभव हासिल करने, वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और समस्याओं का समाधान खोजने का अवसर देते हैं। इससे बच्चों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है।
इस अवसर पर कटिना स्किल्स प्राइवेट लिमिटेड के स्टेट प्रोजेक्ट एडवाइजर जितेन्द्र शर्मा ने शिक्षा विभाग के सहयोग से संचालित शैक्षणिक कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में डिजिटल दक्षता, आलोचनात्मक चिंतन और नवाचार की भावना विकसित करना है, ताकि वे भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य विवेक जम्वाल ने मुख्य अतिथि, निर्णायक मंडल, शिक्षकों और सभी प्रतिभागी टीमों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को एक-दूसरे से सीखने और अपनी प्रतिभा को निखारने का बेहतरीन मंच प्रदान करते हैं।






