कुल्लू के बजौरा में भीषण सड़क हादसा, कार चालक युवक की मौत; दो युवतियों समेत तीन घायल

6 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

कुल्लू के बजौरा में मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्थानीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवतियों समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बीती रात करीब 9:30 बजे बाबा टिंबर के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

जानकारी के अनुसार, कार में दो युवक और दो युवतियां सवार थे। वाहन बजौरा के पास पहुंचा तो चालक अचानक गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा और कार हादसे का शिकार हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में कार चला रहे स्थानीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अन्य तीन घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू भेज दिया गया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या वाहन में किसी तकनीकी खराबी की वजह से, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Share the news