
उपायुक्त डॉ. अमित शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों की सख्ती से अनुपालना और सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विभिन्न उपायों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं और इसकी जानकारी सभी एसडीएम को भेज दी गई है।
नौ महीनों में 125 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज
बैठक में जनवरी से सितंबर 2026 तक जिले में हुई सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों का विश्लेषण प्रस्तुत किया गया। इसके अनुसार कुल्लू जिले में इस अवधि के दौरान 125 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें सबसे अधिक 53 मामले यानी 42.4 प्रतिशत दुर्घटनाएं चालक का ध्यान भटकने के कारण हुईं।
इसके अलावा 29 मामले (23.2 प्रतिशत) अभी जांच या अवलोकन के अधीन हैं। लंबी दूरी तय करने, चालक की थकान और बेचैनी से जुड़े 12 मामले (9.6 प्रतिशत) सामने आए। वाहन से गिरने के 10 मामले (8 प्रतिशत), स्थिर वस्तु या सड़क किनारे संपत्ति से टकराने के 8 मामले (6.4 प्रतिशत), मौसम की स्थिति के कारण 7 मामले (5.6 प्रतिशत) और जानवरों से संबंधित 6 मामले (4.8 प्रतिशत) दर्ज किए गए।
आंकड़ों के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वालों में 26 से 45 वर्ष आयु वर्ग के लोगों की संख्या सबसे अधिक रही। उपायुक्त ने इन निष्कर्षों के आधार पर संबंधित विभागों को दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
स्कूल बसों की सुरक्षा जांच के निर्देश
उपायुक्त ने ई-डार पोर्टल पर उपलब्ध सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों का विस्तृत विश्लेषण किया और पीएम राहत योजना की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को तत्काल उपचार उपलब्ध करवाने के लिए कैशलेस उपचार का प्रावधान है।
उन्होंने सभी एसडीएम को समय-समय पर स्कूल बसों का निरीक्षण करने और उनमें निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि बंजार उपमंडल में स्कूल बसों की जांच का कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि अन्य उपमंडलों में भी यह कार्य तेजी से किया जा रहा है।
ओवरलोडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
उपायुक्त ने पुलिस विभाग और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को ओवरलोडिंग, वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने, निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने, बिना हेलमेट वाहन चलाने और नशे की हालत में ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सरिया सहित अन्य सामग्री का असुरक्षित ढंग से परिवहन करने वाले वाहन चालकों पर भी कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को दुर्घटना संभावित स्थलों यानी ब्लैक स्पॉट की पहचान कर वहां आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। साथ ही राजमार्गों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए एनएचएआई को विशेष अभियान चलाने और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) को अपने अधिकार क्षेत्र में सहयोग करने को कहा।
जागरूकता अभियान और विभागीय समन्वय पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सूचना, शिक्षा और जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां लगातार आयोजित की जानी चाहिए। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
बैठक में जिला स्तरीय उच्च मार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स का शीघ्र गठन करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक का संचालन क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आकांक्षा शर्मा ने किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बी.सी. नेगी, डॉ. सुरेश सहित जिला सड़क सुरक्षा समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।






