
खबर अभी अभी | केलांग (लाहुल-स्पीति)
जनजातीय गौरव, स्वाभिमान और अस्मिता के प्रतीक महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती लाहुल-स्पीति जिला मुख्यालय केलांग में उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर एक सप्ताह तक विभिन्न सांस्कृतिक, सामाजिक और जनसेवा से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मुख्य जिला स्तरीय समारोह 18 नवंबर को जनजातीय संग्रहालय के ऑडिटोरियम में होगा।
जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष मंगल मनेपा ने बताया कि जयंती समारोह को भव्य स्वरूप देने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस, सामाजिक चेतना और जनजातीय समाज के अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिए किए गए ऐतिहासिक योगदान का प्रतीक है। उनके विचार आज भी समाज को एकता, स्वाभिमान और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देते हैं।
मुख्य समारोह में प्रदेश जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष सुनील नेगी बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। इसके लिए पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को भी आमंत्रित किया गया है।
स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी आकर्षण
सप्ताह भर चलने वाले कार्यक्रमों में जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक सहभागिता को विशेष महत्व दिया जाएगा। लाहुल-स्पीति के प्रसिद्ध कलाकार रोज़ी और आकाश लोंचेम्पा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा पारंपरिक लोकगीतों, लोकनृत्यों और बुनाई प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत को मंच प्रदान किया जाएगा।
समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा। क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं को भी विशेष सम्मान देकर उनके सामाजिक योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा।
रक्तदान और स्वच्छता अभियान से जुड़ेगा आयोजन
जयंती समारोह को सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक सीमित न रखते हुए जनसेवा और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने की पहल भी की गई है। इसके तहत सप्ताह भर रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और स्थानीय मंदिरों एवं गोम्पाओं (बौद्ध मठों) में विशेष सफाई अभियान आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से सेवा, स्वच्छता, सहयोग और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया जाएगा।
जिला महासचिव विवेक राय ने लाहुल-स्पीति की जनता, युवाओं, सामाजिक संगठनों और पार्टी कार्यकर्ताओं से 18 नवंबर के मुख्य समारोह सहित सप्ताह भर चलने वाले सभी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ऐसे आयोजन सार्थक बनते हैं और भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों, संघर्षों तथा जनजातीय गौरव का संदेश नई पीढ़ी तक पहुंचता है।






