
29 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुनिहार (सोलन)

गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल, कुनिहार में दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग एवं विषय चयन सत्र आयोजित किया गया। इसमें प्रख्यात शिक्षाविद्, लेखक एवं शैक्षिक वक्ता सतीश शर्मा ने विद्यार्थियों को विभिन्न संकायों और करियर के अवसरों के बारे में जानकारी दी।
सतीश शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भविष्य के लिए विषयों का चयन करते समय अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता को प्राथमिकता देनी चाहिए। सही समय पर सोच-समझकर लिया गया निर्णय लक्ष्य प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षिक अवसरों की जानकारी जुटाने और अपने भविष्य के लिए उचित करियर चुनने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या अलका भारद्वाज ने कहा कि विद्यार्थियों को सही दिशा में मार्गदर्शन देना आवश्यक है। इससे वे आत्मविश्वास के साथ भविष्य से जुड़े निर्णय ले सकते हैं और अपनी क्षमताओं को बेहतर ढंग से पहचान सकते हैं।
विद्यालय के निदेशक समीर गर्ग और अदिति गर्ग ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन देना उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव है। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित करने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होने में मदद करते हैं।
करियर काउंसलिंग सत्र विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा। इसके माध्यम से उन्हें विषय चयन और भविष्य में उपलब्ध करियर विकल्पों को समझने का अवसर मिला।





