
31/7/2026
चंबा
खबर अभी अभी
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। सलूणी उपमंडल के संघणी क्षेत्र में एक युवती उफनते नाले में बह गई। घटना के बाद पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से उसकी तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, युवती शुक्रवार को अपने परिवार की भेड़-बकरियां चराकर घर लौट रही थी। इसी दौरान उसे रास्ते में पड़ने वाले संघणी नाले को पार करना पड़ा। लगातार बारिश के कारण नाले का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था। नाला पार करते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बह गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस व प्रशासन को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस, होमगार्ड और राहत-बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। हालांकि, तेज बहाव और लगातार बारिश के कारण राहत कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं।
प्रशासन ने आसपास के क्षेत्रों में भी तलाश अभियान तेज कर दिया है। देर शाम तक युवती का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। अधिकारियों का कहना है कि मौसम अनुकूल रहने पर सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रहेगा।
उधर, चंबा जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते कई नदी-नाले उफान पर हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान नालों और खड्डों को पार करने का जोखिम न उठाएं तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।






