
6/8/2026
कुल्लू
खबर अभी अभी
राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में राजनीति विज्ञान एवं वाणिज्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में “निःशुल्क विधिक सहायता, नशा मुक्ति जागरूकता एवं विधिक सेवाएँ” विषय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुल्लू के सचिव एवं वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश विशाल तिवारी ने विद्यार्थियों को नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों, इसके कारणों तथा इससे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अनुशासित एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में न्यायाधीश विशाल तिवारी ने निःशुल्क विधिक सहायता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि न्याय प्राप्त करने के लिए सभी महिलाओं और नाबालिगों को मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान की जाती है। इसके अलावा, ₹3 लाख से कम वार्षिक आय वाले पुरुष भी निर्धारित नियमानुसार निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के पात्र हैं। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा दी जाने वाली विभिन्न सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश राणा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहने तथा समाज में उत्तरदायी नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रो. सोम पार्कर नेगी, डॉ. खेम चंद, डॉ. राम नाथ, डॉ. डिम्पल जमटा, डॉ. मोनिका, डॉ. सपना ठाकुर, डॉ. शुभम तथा डॉ. ठाकुर सेन सहित दोनों विभागों के शिक्षक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. खेम चंद ने मुख्य वक्ता, प्राचार्य एवं सभी उपस्थित सदस्यों का धन्यवाद व्यक्त किया।






