
23 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | सोलन

दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार चौधरी ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरोटीवाला में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-19 छात्रा टूर्नामेंट के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया तथा सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राम कुमार चौधरी ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करने के साथ एकता की भावना को भी मजबूत करते हैं। खेलों से बच्चों का शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास सुनिश्चित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल तथा रचनात्मक गतिविधियों में लगाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा नशे के बढ़ते प्रचलन, विशेषकर सिंथेटिक ड्रग्स के खिलाफ व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में सकारात्मक लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
विधायक ने बताया कि बद्दी में उनके पिछले कार्यकाल के दौरान इनडोर स्टेडियम का निर्माण करवाया गया था। वर्तमान में बद्दी में राज्य स्तरीय खेल मैदान के निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की जा चुकी है। भूमि स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी होते ही मैदान का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रदेश सरकार की ओर से दी जा रही सुविधाओं एवं प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी भी दी और बड़े मंचों पर हिमाचल का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित किया।
राम कुमार चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ कर रही है। उन्होंने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बद्दी, बरोटीवाला और चंडी में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू किया जा चुका है। बरोटीवाला स्कूल में सीबीएसई पाठ्यक्रम के लिए 11 अध्यापकों की नियुक्ति की गई है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के पांच अन्य स्कूलों—राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झाड़माजरी, मानपुरा, पट्टा, गुल्लरवाला और कुठाड़—को भी भविष्य में सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत विकसित किया जाएगा।
विधायक ने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरोटीवाला में पानी की निकासी की उचित व्यवस्था के लिए एचपीआईडीसी के माध्यम से 19 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, स्कूल के खेल मैदान के सुदृढ़ीकरण का कार्य 13 लाख रुपये की लागत से पूरा हो चुका है। मैदान में बाउंड्री वॉल के निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार करवाकर शीघ्र कार्य शुरू करवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बरोटीवाला स्कूल में लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न प्रयोगशालाओं का निर्माण करवाया गया है। इसके अलावा दून विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न मदों के माध्यम से करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से स्कूल भवनों एवं परीक्षा भवनों का निर्माण करवाया जा चुका है।
विधायक ने विद्यालय के विकास के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 10 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।

50 स्कूलों की 492 छात्राओं ने लिया भाग
तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 50 स्कूलों की 492 छात्राओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। हॉकी में जीएनपीएस जगातखाना विजेता और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मपुर उपविजेता रही।
बास्केटबॉल में सेंट मैरीज़ कसौली विजेता तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ओच्छघाट उपविजेता रही। हैंडबॉल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नवगांव विजेता और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैडू उपविजेता रही।
फुटबॉल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कांडा विजेता तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कंडाघाट उपविजेता रही। टेबल टेनिस में डीपीएस सोलन विजेता और ऑरोबिंदो बद्दी उपविजेता रहा।
बॉक्सिंग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मांगल विजेता तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नालागढ़ उपविजेता रही। जूडो में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सोलन विजेता और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंझोली उपविजेता रही।
कुराश में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सोलन विजेता तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पट्टा महलोग उपविजेता रही। थोडा खेल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नालागढ़ विजेता और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैडू उपविजेता रही।
ताइक्वांडो में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दभोटा विजेता तथा वीआरपीएस बद्दी उपविजेता रही। वेटलिफ्टिंग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भाटियान विजेता और नवज्योति खरुणी उपविजेता रही।
कराटे में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंडी ‘ए’ विजेता तथा डीपीएस सोलन उपविजेता रही। मार्च पास्ट में राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरोटीवाला विजेता और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सोलन उपविजेता रही।
विधायक राम कुमार चौधरी ने सभी विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कुलतार सिंह ठाकुर, उत्तर रेलवे नई दिल्ली के वरिष्ठ विद्युत अभियंता आर.के. शर्मा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरोटीवाला के प्रधानाचार्य डॉ. संजय शर्मा, एडीपीओ सोलन हेम राज, टूर्नामेंट पर्यवेक्षक एवं प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घरेड़ रेणू रामपाल, टूर्नामेंट प्रभारी कमला ठाकुर सहित समाजसेवी सुरेंद्र चौधरी, हितेंद्र सोनी, गुरबख्श खन्ना, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ अध्यक्ष एवं पूर्व बीडीसी संदीप कैंथ, समाजसेवी भूपेश मेहता, राजेश शर्मा, मुश्ताक और दीपक मौजूद रहे।





