
खबर अभी अभी
शिमला जुब्बल
शिमला, 22 जून। जुब्बल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता नाबालिग बालक को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों से मिलाने में सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार 20 जून को पुलिस थाना जुब्बल में बालक के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच में सामने आया कि बालक 18 जून से घर से लापता था। इस संबंध में पुलिस ने अभियोग संख्या 26/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में खोजबीन, लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की। लगातार प्रयासों के बाद बालक को चिरगांव बाजार क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है।
जिला पुलिस शिमला ने लोगों से अपील की है कि किसी भी बच्चे के गुम होने या संदिग्ध परिस्थिति की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।





