
खबर अभी अभी | जोगिंदर नगर, 27 नवंबर
युवाओं को नशे, विशेषकर चिट्टे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और उन्हें खेल गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से उपमंडल जोगिंदर नगर में ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान’ के तहत 10 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। अभियान की तैयारियों को लेकर एसडीएम जोगिंदर नगर मनीश चौधरी की अध्यक्षता में संबंधित विभागों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एसडीएम ने बताया कि अभियान के तहत पहले से निर्धारित आठ खेल प्रतियोगिताओं के साथ अब फुटबॉल और बास्केटबॉल को भी शामिल किया गया है। इस तरह उपमंडल में क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, एथलेटिक्स, कुश्ती, हॉकी, रस्साकशी, फुटबॉल और बास्केटबॉल की प्रतियोगिताएं होंगी।
15 से 30 वर्ष तक के युवा कर सकेंगे पंजीकरण
एसडीएम ने बताया कि अभियान में 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के महिला और पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागी खेलो हिमाचल पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 नवंबर, 2026 निर्धारित की गई है। खिलाड़ी एक से अधिक खेलों में भाग लेने के लिए भी पंजीकरण कर सकते हैं।
लाखों रुपये तक के पुरस्कार जीतने का मौका
एसडीएम के अनुसार कबड्डी, वॉलीबॉल और क्रिकेट प्रतियोगिताओं में उपमंडल स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः 51 हजार, 41 हजार और 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
इसी तरह जिला स्तर पर पुरस्कार राशि क्रमशः 2 लाख, 1.50 लाख और 1 लाख रुपये तथा राज्य स्तर पर 31 लाख, 15 लाख और 10 लाख रुपये निर्धारित की गई है।
नशे के खिलाफ युवाओं की भागीदारी जरूरी
एसडीएम मनीश चौधरी ने संबंधित विभागों और शिक्षण संस्थानों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं।
उन्होंने कहा कि चिट्टा मुक्त हिमाचल के लक्ष्य को हासिल करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सकता है।






