तीन दिन में 50 लाख की ज्वेलरी चोरी का खुलासा, पंजाब से दो महिलाएं गिरफ्तार

खबर अभी अभी
शिमला,
1 जुलाई। जिला शिमला पुलिस ने महज तीन दिनों में 45-50 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी मामले का पर्दाफाश करते हुए पंजाब से दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरीशुदा सभी आभूषण बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार 25 जून को लोअर बाजार में खरीदारी के दौरान खुब सिंह ठाकुर के स्लिंग बैग से करीब 40 तोला सोना और 250 ग्राम चांदी के आभूषण चोरी हो गए थे। शिकायत पर सदर थाना में मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पुलिस को चकमा देने के लिए नारकंडा, कुल्लू, मंडी और बिलासपुर होते हुए पंजाब भाग गए।

28 जून को पुलिस ने पंजाब में दबिश देकर पटियाला निवासी चन्द्रवती (39) और राजपुरा निवासी रेखा (40) को गिरफ्तार कर चोरी की पूरी संपत्ति बरामद कर ली। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 2 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है

Share the news