देवभूमि कुल्लू में ध्यान और मौन की साधना, चार दिवसीय एडवांस मेडिटेशन प्रोग्राम संपन्न

17 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

कुल्लू। देवभूमि कुल्लू की शांत वादियों में आयोजित चार दिवसीय एडवांस मेडिटेशन प्रोग्राम का 15 सितंबर को शांत और आध्यात्मिक वातावरण में समापन हुआ। आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से यह कार्यक्रम 11 से 15 सितंबर 2026 तक भुंतर स्थित शाराबाई मोनेस्ट्री में आयोजित किया गया, जिसमें करीब 70 साधकों ने हिस्सा लिया।

बैंगलोर आश्रम से पहुंचे स्वामी गुणातीत ने कार्यक्रम के मुख्य शिक्षक के रूप में साधकों का मार्गदर्शन किया। शिविर के दौरान प्रतिभागियों ने ध्यान, मौन, साधना और आत्मचिंतन से जुड़े विभिन्न सत्रों में भाग लिया।

साधकों के अनुसार, गहन साधना के इन दिनों में उन्हें रोजमर्रा की व्यस्तताओं से दूर होकर आत्मचिंतन करने और मन की शांति एवं नई ऊर्जा का अनुभव करने का अवसर मिला।

आर्ट ऑफ लिविंग की डिस्ट्रिक्ट टीचर कोऑर्डिनेटर सोनाली कपूर ने बताया कि इस बार शिविर में कुल्लू और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। इसके अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों से भी साधक विशेष रूप से इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

हिमालय की गोद में स्थित शाराबाई मोनेस्ट्री का शांत वातावरण ध्यान और साधना के लिए प्रतिभागियों के लिए विशेष अनुभव लेकर आया। प्रकृति की शांति के बीच साधकों ने कुछ दिनों के लिए रोजमर्रा की भागदौड़ से विराम लेकर अपना ध्यान और चेतना भीतर की ओर केंद्रित किया।

आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से बताया गया कि देवभूमि कुल्लू में भविष्य में भी ध्यान, मौन और आध्यात्मिक साधना से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को ध्यान और साधना से जोड़ना तथा उन्हें शांति, सकारात्मकता, ऊर्जा और प्रसन्नता का अनुभव करने के लिए मंच उपलब्ध करवाना है।

कुल्लू से खबर अभी अभी के लिए सुशांत शर्मा।

Share the news