पांच वार्डों में भूस्खलन का खतरा, पलायन शुरू, रिहायशी कॉलोनियों में लगातार बढ़ रहीं दरारें

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

20 अगस्त 2023

Shimla News: Landslide danger in five wards people shifted to safer places
राजधानी के पांच वार्डों की कई रिहायशी कॉलोनियों में दरारें बढ़ने से इनमें भूस्खलन का खतरा मंडरा गया है। लगातार बढ़ रही दरारों के बाद लोगों ने अब खुद यहां से पलायन करना शुरू कर दिया है। शहर के कृष्णानगर, फागली, नाभा, समरहिल और अनाडेल वार्ड के कुछ रिहायशी इलाकों में बारिश से भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। खतरे को भांपते हुए लोगों को भरी बरसात में बेघर होना पड़ रहा है।
अकेले कृष्णानगर वार्ड में ही अब तक 50 से ज्यादा परिवारों ने अपने मकान और ढारे खाली कर दिए हैं। यहां रिहायशी कॉलोनियों में पड़ रही दरारों के बाद लोगों का पलायन जारी है। वार्ड के विष्णु मंदिर इलाके में छह मकान ढहने से 19 परिवार बेघर हो गए थे। यहां साथ लगते अन्य मकानों को भी खतरा है। ऐसे में इनमें रह रहे 20 से ज्यादा परिवार शिफ्ट हो गए हैं।
Shimla News: Landslide danger in five wards people shifted to safer places
दूसरी ओर रविदास कॉलोनी से भी 10 से ज्यादा मकान खाली कर दिए हैं। यहां भी मकानों में दरारें बढ़ रही हैं। शुक्रवार को आठ और शनिवार को चार और परिवारों ने यहां मकान खाली किए हैं। कृष्णानगर में खाली करवाए आवासों में रहने वाले लोग राहत शिविरों में रात बिता रहे हैं। दिन के समय सभी अपने मकानों को देखने पहुंच रहे हैं। रविदास कॉलोनी में शनिवार को भी कई लोग पहुंचे। आवासों से सामान भी निकाला। स्थानीय निवासी प्रेम कुमार और धीरज ने बताया कि उनके मकान की दीवार पर दरार आ गई है। प्रशासन जल्दी डंगा लगाए तो उनके घर बच सकते हैं। सुमेला देवी ने कहा कि उनके मकान उजड़ रहे हैं। इसे कोई नहीं बचा रहा। यदि घर ढह गया तो कहां जाएंगे। छोटे-छोटे बच्चों को राहत शिविरों में रखना पड़ रहा है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news