
7 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | नाहन

नाहन विधानसभा क्षेत्र की बर्मा पापड़ी पंचायत में बुधवार को ‘विकसित भारत संकल्प सभा—सेवा ज्योति यात्रा’ का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय लोगों और क्षेत्रवासियों ने भाग लिया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सत्ता को सेवा का माध्यम बनाया और राष्ट्रसेवा को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, महिला, युवा और देश की सुरक्षा से जुड़े विषय केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में रहे हैं।
सिरमौर के विकास में केंद्र के योगदान का दावा
डॉ. बिंदल ने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से सिरमौर में विकास को गति मिली है। उन्होंने आईआईएम सिरमौर की स्थापना को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। साथ ही नाहन मेडिकल कॉलेज के लिए केंद्र से ₹260 करोड़ की राशि मिलने का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि रेणुका और किशाऊ बांध परियोजनाओं को भी गति मिली है। उनके अनुसार करीब ₹15,624 करोड़ की किशाऊ बांध परियोजना को मंजूरी मिली है, जिसमें ₹12,090 करोड़ के जल घटक का खर्च केंद्र सरकार द्वारा वहन किया जा रहा है।
केंद्र की योजनाओं का लाभ मिलने का दावा
डॉ. बिंदल ने कहा कि सिरमौर में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है।
कांग्रेस सरकार पर लगाए वादाखिलाफी के आरोप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने हिमाचल की कांग्रेस सरकार पर चुनावी वादे और 10 गारंटियां पूरी नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को ₹1,500 देने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के वादे पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने बिजली, पानी और स्वास्थ्य सेवाओं पर शुल्क बढ़ने का भी दावा किया।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता में असंतोष है और भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं।





