
5 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | सोलन

भारतीय जनता पार्टी सहकारिता प्रकोष्ठ जिला सोलन की बैठक जिला संयोजक यशपाल ठाकुर की अध्यक्षता में सोलन स्थित होटल गोल्डन बैंचर्स में आयोजित की गई। बैठक में 29 नवंबर को धर्मपुर-कुमारहट्टी में होने वाले शिमला संसदीय क्षेत्र स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की गई।
बैठक में भाजपा के समस्त प्रकोष्ठों के संयोजक पुरुषोत्तम गुलेरिया मुख्य अतिथि, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एवं जिला शिमला कोऑपरेटिव के चेयरमैन नरेश चौहान विशेष अतिथि तथा समस्त प्रकोष्ठों के समन्वयक प्रो. रवीन्द्र ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में जिले के 13 मंडलों में से आठ मंडलों के संयोजक और सह-संयोजकों सहित करीब 35 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
29 नवंबर को होगा संसदीय क्षेत्र स्तरीय कार्यक्रम
पुरुषोत्तम गुलेरिया ने राष्ट्रीय सहकारिता दिवस और सहकारिता सप्ताह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि राष्ट्रीय सहकारिता सप्ताह प्रतिवर्ष 14 से 21 नवंबर तक मनाया जाता है। इस बार संगठनात्मक व्यस्तताओं के चलते शिमला संसदीय क्षेत्र का विशेष कार्यक्रम 29 नवंबर को धर्मपुर-कुमारहट्टी में आयोजित किया जाएगा। माह का अंतिम रविवार होने के कारण कार्यक्रम स्थल पर ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सामूहिक रूप से सुना जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के उत्पादों के स्टॉल और विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, ताकि महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर मिल सके। उन्होंने गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश में सहकारी समितियों के माध्यम से हुए कार्यों का उदाहरण देते हुए हिमाचल में प्राथमिक सहकारी समितियों को मजबूत करने और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के लिए गठित की गईं विभिन्न समितियां
आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए बैठक में स्वागत, मंच एवं सभागार, पंजीकरण, भोजन, प्रचार-प्रसार, संचालन, साज-सज्जा, यातायात एवं पार्किंग, आवास तथा बिजली-पानी और स्वच्छता संबंधी समितियों का गठन किया गया। इनके माध्यम से कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
सहकारिता के माध्यम से लोगों तक पहुंचने का आह्वान
प्रदेश संयोजक नरेश चौहान ने कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में केंद्र सरकार की ओर से कई नई पहल की गई हैं। उन्होंने केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में शुरू किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं तक पहुंच बनाने और उन्हें 29 नवंबर के कार्यक्रम में आमंत्रित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ब्लॉक में बड़ी संख्या में महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं और उन्हें सहकारिता की गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है।
नरेश चौहान ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने के लिए अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देने की अपील की। उन्होंने उम्मीद जताई कि कार्यक्रम में एक हजार से अधिक कार्यकर्ता और आम लोग शामिल होंगे।
विशिष्ट अतिथि प्रो. रवीन्द्र ठाकुर ने सहकारिता के क्षेत्र में अनुशासन, पारदर्शिता और जन-जागरूकता को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि लोगों को सहकारिता के लाभों की जानकारी देकर किसानों, कामगारों और छोटे व्यापारियों की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जाना चाहिए।
जिला संयोजक यशपाल ठाकुर ने जिला सोलन में सहकारिता प्रकोष्ठ की आगामी कार्ययोजना प्रस्तुत की और 29 नवंबर के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक के अंत में होटल गोल्डन बैंचर्स के मालिक एवं जिला सह-संयोजक चंद्रपाल अग्रवाल ने अतिथियों और उपस्थित कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।





