
खबर अभी अभी
भुंतर ,
भुंतर से मणिकरण जाने वाली लगभग 35 किलोमीटर लंबी सड़क की खराब हालत को लेकर स्थानीय लोगों और पर्यटकों में गहरा रोष है। इस मार्ग पर सफर करने में सामान्यतः 4 से 5 घंटे तक का समय लग रहा है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं दूसरी ओर साड़ा बैरियर पर वाहनों से ₹300 का शुल्क वसूला जा रहा है, जिसको लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब सड़क की स्थिति इतनी खराब है, तो वसूले जा रहे इस शुल्क का उपयोग आखिर किस काम में हो रहा है।
स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने प्रशासन से मांग की है कि स्पष्ट किया जाए कि यह ₹300 शुल्क किस मद में लिया जा रहा है, अब तक कितनी राशि एकत्र की गई है और सड़क सुधार के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए हैं।
लोगों का यह भी कहना है कि यदि यह राशि सड़क रखरखाव, सफाई और सुविधाओं के लिए ली जा रही है, तो इसका असर जमीन पर क्यों दिखाई नहीं दे रहा।
जनता ने प्रशासन और संबंधित विभागों से इस मामले में पारदर्शिता लाने और जल्द से जल्द सड़क की हालत सुधारने की मांग की है, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।





