भुट्टिको सभागार में छाई ‘चाँद कुल्लवी लाल चन्द प्रार्थी’ सांस्कृतिक संध्या की धूम

कुल्लू: ठाकुर वेद राम जयंती के उपलक्ष्य में हर वर्ष आयोजित होने वाली ‘चाँद कुल्लवी लाल चन्द प्रार्थी’ सांस्कृतिक संध्या इस बार भी भव्य अंदाज़ में संपन्न हुई। 21 अप्रैल की शाम भुट्टिको सभागार लोक संस्कृति, संगीत और रंगारंग प्रस्तुतियों से सराबोर रहा।

कार्यक्रम में पूर्व निदेशक उच्च शिक्षा हिमाचल प्रदेश डॉ. अमर देव ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि भुट्टिको के अध्यक्ष एवं पूर्व बागवानी मंत्री ठाकुर सत्य प्रकाश ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्व. लाल चन्द प्रार्थी के चित्र वंदन और देवधुन से हुई। इसके बाद भुट्टिको के कलाकारों—प्रेम सिंह, शकुंतला देवी, आत्मा राम, खूब राम, भूपेन्द्र सिंह, हीरा लाल और संगीता—ने पारंपरिक कुल्लवी लोकगीतों से माहौल को जीवंत कर दिया।

भुट्टिको परिवार के बच्चों ने लोक एवं फिल्मी नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया। कलाकारों द्वारा ‘हौरन नृत्य’ और ‘स्वांग’ जैसी प्राचीन लोक कलाओं की प्रस्तुति ने लुप्त होती परंपराओं को फिर से मंच पर जीवंत कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि डॉ. अमर देव ने प्रार्थी जी के कला-संस्कृति के प्रति योगदान को याद करते हुए कहा कि वे बहुभाषी विद्वान थे और उनका सांस्कृतिक दृष्टिकोण बेहद व्यापक था।

समापन सत्र में प्रसिद्ध लोक कलाकार डॉ. सुरत ठाकुर और धर्मेन्द्र शर्मा की शानदार प्रस्तुतियों ने सभागार में मौजूद दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

अंत में मुख्य अतिथि, प्रार्थी जी की सुपुत्री चारू प्रार्थी, सोनम अंगदुई और ठाकुर सत्य प्रकाश द्वारा सभी कलाकारों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य लोग मौजूद रहे और कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।

कुल्लू ब्यूरो रिपोर्ट: सुशांत शर्मा

Share the news