नाहन: Earth Day पर माता पद्मावती नर्सिंग कॉलेज की पहल, छात्रों ने फैलाया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

नाहन में 22 अप्रैल 2026 को Earth Day के अवसर पर माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग द्वारा “Our Power, Our Planet” थीम के तहत विभिन्न जागरूकता एवं जनसहभागिता कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाना रहा।

इस दौरान राजकीय प्राथमिक विद्यालय, बनोग में एक विशेष आउटरीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 60 विद्यार्थियों ने भाग लिया। नर्सिंग के छात्रों ने नाट्य प्रस्तुति (स्किट) और संवादात्मक सत्र के माध्यम से बच्चों को पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक के कम उपयोग, अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण और स्वच्छता के महत्व के बारे में सरल तरीके से जानकारी दी। कार्यक्रम में बच्चों की सक्रिय सहभागिता और उत्साह देखने को मिला।

इसके अतिरिक्त महाविद्यालय परिसर में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें 8 टीमों ने भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली पर आधारित आकर्षक रंगोलियाँ प्रस्तुत कीं। इस प्रतियोगिता ने छात्रों की रचनात्मकता को उजागर करने के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम के दौरान संस्थान के अध्यक्ष अनिल जैन और महासचिव सचिन जैन ने छात्रों व स्टाफ के प्रयासों की सराहना की। वहीं प्राचार्या श्रीमती रिजी जीवरघीस ने छात्रों की भागीदारी पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को मजबूत बनाती हैं।

समग्र रूप से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और इसके माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, हरित और सतत भविष्य का निर्माण संभव है।

Share the news