
7/8/2026
खबर अभी अभी | मंडी
जिला परिषद मंडी की पहली त्रैमासिक बैठक शुक्रवार को भ्यूली स्थित जिला परिषद सम्मेलन कक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष अमरू राम ने की। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों का स्वागत करते हुए सदन की कार्यवाही में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के एजेंडे पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही जिला परिषद सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं और जनहित के विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इन विषयों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रियांशु खाती ने ग्रामीण विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों, निर्माण परियोजनाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने सदस्यों द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति से सदन को अवगत कराया।
जिला परिषद सचिव अंचित डोगरा ने बताया कि जिला परिषद की बैठकों का उद्देश्य स्थानीय समस्याओं और विकासात्मक मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाकर उनके समयबद्ध समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
बैठक में जिला परिषद उपाध्यक्ष बोदी देवी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा जिला परिषद के सभी सदस्य उपस्थित रहे।







