मंडी : बड़ा देव कमरुनाग मार्ग पर हादसा, चालक की सूझबूझ से टली बड़ी दुर्घटना

मंडी जिला में बड़ा देव कमरुनाग मंदिर मार्ग पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब श्रद्धालुओं से भरी एक टैम्पू ट्रेवलर के ब्रेक अचानक फेल हो गए। इस हादसे में 9 श्रद्धालु घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, दाड़ला घाट से 12 श्रद्धालु कमरुनाग मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। वापसी के दौरान शाला से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले वाहन के ब्रेक फेल हो गए। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने सूझबूझ का परिचय दिया और वाहन को खाई की ओर जाने से बचाने के लिए पहाड़ी से टकरा दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

थाना प्रभारी देवराज ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वाहन में कुल 12 लोग सवार थे, जिनमें से 9 को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल गोहर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि पहाड़ी मार्गों पर यात्रा से पहले वाहनों की तकनीकी जांच अवश्य करें और सावधानी बरतें।

स्थानीय लोगों ने चालक की सूझबूझ और साहस की सराहना की है, जिसकी बदौलत एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।

Share the news