मुख्यमंत्री ने 1,471 पंजीकृत श्रमिकों को 5.78 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की

3 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | रामपुर

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रामपुर विधानसभा क्षेत्र के नोगली में हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से 1,471 पंजीकृत श्रमिकों एवं उनके आश्रितों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत कुल 5 करोड़ 78 लाख 81 हजार 725 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की।

इस सहायता से श्रमिक परिवारों को शिक्षा, विवाह, आवास, मातृत्व-पितृत्व, दिव्यांगता और अन्य जरूरतों के लिए आर्थिक संबल मिला। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत विधवा, एकल, निराश्रित एवं दिव्यांग महिलाओं को घर निर्माण के लिए 45.95 लाख रुपये प्रदान किए गए।

श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा के लिए 968 लाभार्थियों को 2 करोड़ 74 लाख 4 हजार 500 रुपये, जबकि विवाह सहायता योजना के तहत 359 लाभार्थियों को 1 करोड़ 83 लाख 9 हजार रुपये की सहायता दी गई।

इसके अलावा दुर्घटना मृत्यु एवं अंतिम संस्कार सहायता के 21 मामलों में 54.20 लाख रुपये, मातृत्व एवं पितृत्व लाभ के 30 मामलों में 7.14 लाख रुपये, बालिका जन्म उपहार योजना के तहत 15 परिवारों को 7.65 लाख रुपये, मानसिक दिव्यांग आश्रितों के लिए 10 लाभार्थियों को 2.15 लाख रुपये तथा दिव्यांग पेंशन के तहत एक लाभार्थी को 25 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने श्रमिक कल्याण योजनाओं की प्रक्रिया को डिजिटल और सरल बनाया है, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ सीधे, शीघ्र और पारदर्शी तरीके से मिल सके। सरकार का उद्देश्य जरूरतमंद और वंचित वर्गों को प्रभावी सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध करवाना है।

बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि सरकार श्रमिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि श्रमिक प्रदेश के विकास और आधारभूत ढांचे के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और पात्र परिवारों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

Share the news