
खबर अभी अभी
शिमला, 1 जुलाई:
राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) शिमला के अस्पताल प्रशासन विभाग ने बुधवार को “इमर्जिंग ट्रेंड्स इन हॉस्पिटल ऑपरेशंस एंड रोडमैप फॉर आईजीएमसी” विषय पर एक दिवसीय सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य अस्पताल प्रशासन से जुड़े चिकित्सकों और अधिकारियों को आधुनिक अस्पताल प्रबंधन, रोगी सेवाओं में सुधार और संस्थान की भावी कार्ययोजना से अवगत कराना था।
कार्यक्रम में चिकित्सा अधीक्षक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. राहुल राव ने अस्पताल की कार्यप्रणाली, रोगी सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने और संस्थान के विकास की योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं डॉ. अभिषेक ठाकुर ने अस्पताल प्रशासन में तकनीकी नवाचार, गुणवत्ता आश्वासन और रोगी सुरक्षा के महत्व पर व्याख्यान दिया।

इसके अलावा डॉ. प्रवीण एस. भाटिया ने मेडिको-लीगल मामलों के प्रभावी प्रबंधन पर अपने विचार साझा किए, जबकि डॉ. अमित सचदेवा ने संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब ने सर्वाइकल कैंसर जागरूकता पर नाट्य प्रस्तुति देकर समय पर जांच और एचपीवी टीकाकरण का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने ऐसे आयोजनों को अस्पताल प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।





