रेव पार्टी मामले पर कुल्लू भाजपा नेता आदित्य विक्रम सिंह का सरकार पर हमला, बोले— हाईकोर्ट के हस्तक्षेप से उजागर हुई प्रशासनिक विफलता

खबर अभी अभी
कुल्लू।
पार्वती घाटी के कसोल में कथित रेव पार्टी प्रकरण को लेकर आदित्य विक्रम सिंह ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह कुल्लू के लिए बेहद चिंताजनक स्थिति है कि कथित अवैध गतिविधियों की जानकारी प्रशासन के संज्ञान में होने के बावजूद समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और अंततः मामले में हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट को हस्तक्षेप करना पड़ा।
आदित्य विक्रम सिंह ने कहा कि यदि समय रहते प्रशासन कार्रवाई करता तो न्यायालय के हस्तक्षेप की आवश्यकता नहीं पड़ती। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट की सख्ती के बाद जिले में प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं, जो चिंता का विषय है।
आदित्य विक्रम सिंह ने आरोप लगाया कि पार्वती घाटी में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया जा रहा, जबकि आम जनता से जुड़े बुनियादी कार्य अब भी अधूरे हैं। उन्होंने कहा कि घाटी की सड़कें बदहाल हैं, लोगों को रोजमर्रा की आवाजाही में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन इन समस्याओं के समाधान की ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा।
उन्होंने कहा कि केवल पार्वती घाटी ही नहीं, बल्कि कुल्लू जिले की कई पंचायतों और मुख्य सड़कों की स्थिति भी खराब है। सरकार को विकास कार्यों और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देनी चाहिए।
कहा कि उनकी प्रशासनिक अधिकारियों से व्यक्तिगत स्तर पर अच्छी बातचीत रहती है, लेकिन यह मामला प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधार की आवश्यकता को स्पष्ट करता है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि न्यायालय की टिप्पणियों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक कमियों को दूर किया जाए और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा इस दिशा में ठोस कार्रवाई की जानी चाहिए।

Share the news