
सरकाघाट,
15 अप्रैल 2026 — नैण गांव में हुए सिया हत्याकांड के बाद आज राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
विद्या नेगी ने घटना को बेहद दुखद और निंदनीय बताते हुए कहा कि इस मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी और दोषी को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए महिला आयोग हर स्तर पर प्रयास करेगा। उन्होंने परिवार की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना तथा उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने प्रशासन को भी निर्देश दिए कि पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और उन्हें हर आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई जाए।
इस हत्याकांड के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग लगातार आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा कर रहे हैं।





