
खबर अभी अभी ,
मंडी
दिनांक 20 जून 2026
वल्लभ राजकीय महाविद्यालय, मंडी की प्रतिभाशाली छात्रा एवं एनसीसी आर्मी विंग की कैडेट डुमेश कुमारी के 19 जून 2026 को एक सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन से महाविद्यालय परिवार, एनसीसी संगठन तथा समस्त क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
डुमेश कुमारी ने अपने अदम्य साहस, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन से महाविद्यालय, जिला मंडी तथा हिमाचल प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया था। उन्होंने हाल ही में पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग स्थित हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट (एचएमआई) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित एडवांस माउंटेनियरिंग कोर्स को सफलतापूर्वक पूर्ण करते हुए 18,000 फीट ऊँचे माउंट बी.सी. रॉय शिखर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर एक ऐतिहासिक उपलब्धि अर्जित की थी। इस कठिन प्रशिक्षण कार्यक्रम में उन्होंने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए असाधारण साहस, शारीरिक क्षमता एवं नेतृत्व कौशल का परिचय दिया था।

महाविद्यालय के मीडिया समन्वयक एवं एनसीसी एयर विंग के फ्लाइट कमांडर फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन लाल क्रांति सिंह ने कहा – डुमेश कुमारी एक अत्यंत अनुशासित, मेहनती एवं प्रेरणादायी कैडेट थीं। उनकी पर्वतारोहण उपलब्धि ने न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया था। उनका असामयिक निधन एनसीसी परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि डुमेश कुमारी ने अपनी लगन, समर्पण और उत्कृष्ट उपलब्धियों से यह सिद्ध किया था कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाली बेटियाँ भी राष्ट्रीय स्तर पर असाधारण सफलता प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि उनकी उपलब्धियाँ आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी।

गौरतलब है कि मण्डी जिला के गोहर क्षेत्र के गांव सलोग, डाकघर बस्सी से संबंध रखने वाली डुमेश कुमारी वल्लभ राजकीय महाविद्यालय, मंडी में बी.ए. तृतीय वर्ष की छात्रा थीं। पर्वतारोहण, साहसिक गतिविधियों एवं एनसीसी प्रशिक्षण में उनकी विशेष रुचि थी और उन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से महाविद्यालय को गौरवान्वित किया था।
एनसीसी वायु सेना विंग मंडी के फ्लाइट कमांडर एनसीसी अधिकारी फ्लाइंग ऑफिसर डॉ चमन, लेफ्टिनेंट डॉ बलबीर सिंह व केयरटेकर ऑफिसर डॉ कविता व एनसीसी एयर विंग व आर्मी विंग यूनिटों ने कैडेट डुमेश के आकस्मिक निधन पर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त की है।
महाविद्यालय परिवार, एनसीसी अधिकारी, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं कैडेटों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त की हैं।
कैडेट डुमेश कुमारी भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, किन्तु उनका साहस, समर्पण और राष्ट्रप्रेम सदैव स्मरणीय रहेगा तथा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
इस अवसर वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी में एनसीसी वायु सेना विंग व आर्मी विंग यूनिटों द्वारा कैडेट डुमेश कुमारी को श्रद्धांजलि पेश की। एनसीसी कैडेट्स के साथ वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी के शिक्षक वर्ग, गैर शिक्षक वर्ग, एनसीसी कैडेटों व वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी के सैकड़ो विद्यार्थियों ने होनहार एनसीसी कैडेट डूमेश कुमारी के लिए शोक सभा का आयोजन किया व मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।





