सिरमौर में 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक मनाया जाएगा राष्ट्रीय पोषण माह

10 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | नाहन, सिरमौर

oppo_0

जिला सिरमौर में 9वां राष्ट्रीय पोषण माह-2026 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक मनाया जा रहा है। जिला स्तरीय पोषण माह का शुभारंभ बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय नाहन के सभागार में जिला कार्यक्रम अधिकारी पवन गर्ग के मार्गदर्शन में किया गया। इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह की थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है।

बच्चों के पोषण और विकास पर विशेष जोर

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी पवन गर्ग ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध करवाने का महत्वपूर्ण केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ की भावना को धरातल पर उतारने के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, विभागीय कर्मचारियों और समुदाय की सामूहिक भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि प्रत्येक बच्चे की ऊंचाई और वजन का सही एवं नियमित मापन किया जाए तथा उसके विकास की निरंतर निगरानी रखी जाए। जिन बच्चों की ऊंचाई, वजन अथवा विकास में अपेक्षित प्रगति नहीं हो रही है, उनकी पहचान कर उन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

संतुलित आहार और पर्याप्त प्रोटीन जरूरी

पवन गर्ग ने आहार में विविधता और पर्याप्त प्रोटीन के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों और महिलाओं के भोजन में विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थों को शामिल करना स्वस्थ वृद्धि एवं विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने के लिए जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों पर ताजा और गर्म पका हुआ भोजन उपलब्ध करवाने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि जीवन के शुरुआती वर्षों में उचित पोषण, देखभाल, खेल और सीखने के अवसर बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास की मजबूत नींव तैयार करते हैं।

मातृ स्वास्थ्य और पीएमएमवीवाई पर भी जागरूकता

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के तहत पात्र महिलाओं को उपलब्ध करवाए जा रहे लाभों और मातृ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।

जिला आयुर्वेदिक कार्यालय से डॉ. ममता जैन ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को आयुर्वेद और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने दैनिक जीवन में आयुर्वेदिक पद्धतियों तथा स्थानीय एवं पारंपरिक खाद्य पदार्थों के स्वास्थ्यवर्धक गुणों के बारे में भी जानकारी साझा की।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय नाहन से डॉ. शबरातन जबीन ने आहार में विविधता, पर्याप्त प्रोटीन, बच्चों और महिलाओं के भोजन में विभिन्न खाद्य पदार्थों को शामिल करने तथा स्तनपान के महत्व के बारे में जानकारी दी।

परिवार और समुदाय की भागीदारी पर जोर

बाल विकास परियोजना अधिकारी इशाक मोहम्मद ने पोषण संबंधी गतिविधियों में परिवार और समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सामुदायिक स्वामित्व और जवाबदेही को मजबूत करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में जिला पोषण समन्वयक राजेश शर्मा, पीएमएमवीवाई समन्वयक प्रियंका, आईसीडीएस पर्यवेक्षक और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों ने अपने-अपने विभाग और कार्यक्षेत्र से संबंधित विषयों के साथ-साथ राष्ट्रीय पोषण माह की थीम और उप-थीमों पर विचार साझा किए।

Share the news